पुलिसकर्मियों को सतर्कता बरतने और परीक्षार्थियों की सुविधा व सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
कौशाम्बी। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद पुलिस सतर्क रही। इसी क्रम में रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने कोखराज थाना क्षेत्र के अंतर्गत भरवारी स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान एएसपी ने भरवारी स्थित हुब लाल इंटर कॉलेज, नेशनल इंटर कॉलेज तथा कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज का भ्रमण किया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की उपस्थिति एवं सतर्कता की जांच करते हुए सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि वे पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। उन्होंने परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने तथा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने देने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से परीक्षा प्रक्रिया को सुचारु, व्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। जनपद पुलिस की ओर से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए गए, ताकि परीक्षार्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया
UPLive 18 | कौशाम्बी


