मोहब्बतपुर पैंसा, अफजलपुर बारी, उदहिन बाजार समेत कई क्षेत्रों में पुलिस ने दी साइबर सुरक्षा की जानकारी, ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने की अपील
कौशाम्बी। साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देश पर कौशाम्बी पुलिस द्वारा जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को थाना प्रभारी मोहब्बतपुर पैंसा दिलीप कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता रैली निकालकर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया गया।
पुलिस टीम ने मोहब्बतपुर पैंसा, अफजलपुर बारी, उदहिन बाजार, घटमापुर और अनेठा में रैली निकालकर लोगों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। इस दौरान फिशिंग लिंक, व्हाट्सऐप फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, सोशल मीडिया के जरिए होने वाली धोखाधड़ी तथा ओटीपी और बैंकिंग संबंधी ठगी के बारे में जागरूक किया गया।
पुलिसकर्मियों ने बताया कि साइबर अपराधी तरह-तरह के प्रलोभन और डर दिखाकर लोगों की मेहनत की कमाई हड़पने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमकी देने वालों से सावधान रहने और उनके दबाव में आकर पैसे न भेजने की अपील की। साथ ही, ऑनलाइन निवेश करने से पहले संबंधित प्लेटफॉर्म की विश्वसनीयता जांचने की सलाह दी।
पुलिस ने लोगों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना रहती है।


