आरोग्य का दीप जलाकर महिलाओं ने सुख-समृद्धि के लिए किया पूजन-अर्चन, भक्तों को वितरित किया गया खीर प्रसाद
प्रयागराज। शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर प्रयागराज स्थित शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी मंदिर में भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया और मां कल्याणी देवी का अलौकिक एवं भव्य वार्षिक महाशृंगार किया गया। मां के दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह रहा।
कार्यक्रम के अंतर्गत पंडित श्याम जी पाठक ने मां कल्याणी देवी का महाभिषेक एवं षोडशोपचार पूजन विधि-विधान के साथ संपन्न कराया। वहीं, शाम सात बजे पंडित सुशील पाठक ने ढोल-नगाड़ों, घंटों और घड़ियालों की गूंज के बीच मां की भव्य महाआरती की। आरती के दौरान पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान हो उठा।
पंडित सुशील पाठक ने बताया कि शरद पूर्णिमा का पर्व आरोग्यता, सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना से जुड़ा है। यह पर्व माता महालक्ष्मी को समर्पित है, जिन्हें सुख-समृद्धि और वैभव की देवी माना जाता है। इस अवसर पर महिलाओं ने आरोग्य का दीप जलाकर व्रत रखा तथा मां कल्याणी देवी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने बताया कि देर रात तक मां का दरबार श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खुला रहा। इस दौरान भक्तों को खीर का प्रसाद भी वितरित किया गया।
आयोजन की व्यवस्था में आचार्य संतोषानंद महाराज, अनिल पाठक, कृष्ण कुमार पाठक, राजेश केसरवानी, सुधीर पाठक, महेंद्र तिवारी, कमल सरदार सहित अन्य लोग जुटे रहे।
रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया



