एसपी सत्य नारायण के निर्देशन में सुरक्षा के साथ मार्गदर्शन की व्यवस्था, परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में अभ्यर्थियों को मिलेगी मदद
कौशाम्बी। प्रतियोगी परीक्षा में शामिल होने के लिए जनपद पहुंचने वाले युवाओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कौशाम्बी पुलिस ने विशेष पहल की है। पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण के निर्देशन में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा PET-2026 में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सहायता के लिए रेलवे स्टेशनों और बस स्टॉपों पर पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को सही जानकारी और मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अनजान रास्तों, परीक्षा केंद्रों की जानकारी और आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना न करना पड़े। सहायता बूथों पर तैनात पुलिसकर्मी अभ्यर्थियों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक जानकारी देने और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने का रास्ता बताने में मदद कर रहे हैं।
हेल्प डेस्क पर मिलेगी जरूरी जानकारी
सहायता बूथों के माध्यम से अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र का पता, वहां तक पहुंचने का मार्ग तथा प्रवेश पत्र और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पुलिसकर्मियों द्वारा अभ्यर्थियों को आपातकालीन सेवाओं और हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है।
कौशाम्बी पुलिस की ओर से आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और महिला संबंधी सहायता के लिए 1090 हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी जा रही है।
रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया


