कौशाम्बी।
जनसामान्य की समस्याओं के प्रभावी समाधान एवं पुलिस व्यवस्था में जनता का विश्वास मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक कौशाम्बी सत्यनारायण ने विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जनसुनवाई में भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद, मारपीट, उत्पीड़न तथा अन्य मामलों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक प्रकरण की जानकारी लेकर संबंधित थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा पीड़ितों को न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर कर आमजन को त्वरित राहत प्रदान की जाए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनता की समस्याओं का प्रभावी समाधान ही पुलिसिंग की सफलता का आधार है। जनसुनवाई के दौरान पुलिस कार्यालय के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। फरियादियों ने अपनी बात सीधे पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखी, जिससे उन्हें निष्पक्ष सुनवाई की उम्मीद जगी।
रिपोर्ट -कामता प्रसाद चौरसिया, शिवम चौरसिया


