कौशाम्बी।
जनपद में सर्राफा व्यापारियों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण को प्रभावी करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण एवं जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा द्वारा शनिवार को सम्राट उदयन सभागार में जनपद के सर्राफा व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, सुरक्षा उपायों एवं प्रशासन-पुलिस-व्यापारी समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान सर्राफा व्यापारियों की समस्याओं व सुझावों को गंभीरता से सुना गया और व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।व्यापारियों को सीसीटीवी कैमरे, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा मानकों के पालन तथा दुकानों के आसपास सतर्कता बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जनपद पुलिस उनकी सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। वहीं जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने व्यापारियों से प्रशासन व पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित व्यापारिक वातावरण बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।बैठक में संबंधित अधिकारीगण एवं जनपद के सराफा व्यापारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया


