उत्तर प्रदेश।
नई दिल्ली में आयोजित भव्य “मिस्टर, मिस एवं मिसेज इंडिया 2026” प्रतियोगिता में मिर्जापुर की प्रतिभाशाली प्रतिभागी रेखा चौरसिया ने “मिसेज इंडिया 2026 मोस्ट टैलेंटेड” का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर शहर एवं चौरसिया समाज का गौरव बढ़ाया है। इस प्रतियोगिता का आयोजन इंस्पिरेशन पेजेंट की संस्थापिका पूनम बिष्ट द्वारा ह्यूमन प्राइड ग्रुप एवं वॉग के सौजन्य से किया गया, जिसमें देशभर से प्रतिभागियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों में प्रतिभागियों की प्रतिभा, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व एवं मंच संचालन क्षमता का मूल्यांकन किया गया। पहला चरण इंट्रोडक्शन राउंड था, जबकि दूसरा टैलेंट राउंड 16 मई को जागीर पैलेस में आयोजित हुआ। अंतिम एवं सबसे महत्वपूर्ण फाइनल राउंड कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में संपन्न हुआ, जहां प्रतिभागियों ने आकर्षक कैटवॉक और सामान्य ज्ञान आधारित प्रश्नोत्तरी में भाग लिया।
रेखा चौरसिया ने अपनी शानदार प्रस्तुति, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और प्रतिभा के बल पर निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए “मिसेज इंडिया 2026 मोस्ट टैलेंटेड” का खिताब अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से वाराणसी सहित पूरे क्षेत्र में खुशी एवं गर्व का माहौल है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हिंदी फिल्म “आशिकी” के चर्चित अभिनेता राहुल रॉय उपस्थित रहे।विजेताओं का उन्होंने ताज पहनाकर सम्मान किया इस अवसर पर नए गीत का विमोचन भी किया गया तथा विभिन्न शहरों से आए गणमान्य अतिथियों एवं पूर्व विजेताओं का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोरियोग्राफर श्वेतांक प्रकाश चतुर्वेदी एवं उनके सहयोगी डॉ. एम.एस.जी. की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजक पूनम बिष्ट एवं प्रशांत बिष्ट ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का भव्य स्वागत किया। पूरे आयोजन ने अपनी भव्यता, अनुशासन एवं उत्कृष्ट व्यवस्थाओं से सभी को प्रभावित किया।
रिपोर्ट -कामता प्रसाद चौरसिया








