कौशाम्बी। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शनिवार को कौशाम्बेश्वर संकट मोचन आश्रम कौशाम्बी के तत्वावधान में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। इस अवसर पर आश्रम परिसर से गढ़वा स्थित बड़े हनुमान मंदिर तक विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सनातन धर्म प्रेमियों और क्षेत्रीय लोगों ने शामिल होकर बजरंगबली के प्रति अपनी अटूट आस्था प्रकट की। जय श्रीराम और जय बजरंगबली के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
शोभायात्रा आश्रम परिसर से प्रारंभ होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए गढ़वा स्थित बड़े हनुमान मंदिर पहुंची। यात्रा के दौरान श्रद्धालु भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ आगे बढ़ते रहे। रास्ते में जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।
इस धार्मिक आयोजन में फतेहपुर जनपद से पहुंचे हनुमान स्वरूप धारण किए विनय कुमार तथा झारखंड से मुनि स्वरूप में पहुंचीं सरस्वती महतो ने आकर्षक झांकी और अपनी मनमोहक प्रस्तुति से श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दोनों स्वरूप आयोजन के विशेष आकर्षण रहे। शोभायात्रा में शामिल भक्तों ने जगह-जगह रुककर दर्शन किए और बजरंगबली के जयकारे लगाए।
धार्मिक कार्यक्रम के समापन पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। भंडारे में भक्तों ने सेवा और सहयोग की भावना के साथ अपनी सहभागिता निभाई। इस दौरान आश्रम के संस्थापक बाबा बुद्धन दास ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी आयोजकों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
बाबा बुद्धन दास ने कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग, समर्पण और धार्मिक भावना के चलते हनुमान जन्मोत्सव का कार्यक्रम भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने भविष्य में भी धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में इसी प्रकार बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की, ताकि सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को और अधिक मजबूती मिल सके।
कार्यक्रम में आश्रम के संरक्षक शिवाकांत मिश्र, राजू केशरवानी, युवा संघ अध्यक्ष अश्वनी कुमार उर्फ सोनू सेन, उपाध्यक्ष अरुण कुमार केशरवानी, राजन निषाद, राम समुंदर निषाद, कौशिक अग्रहरि, वीरेंद्र चौरसिया, अनिल कुमार नामदेव, प्रमोद मिश्र, नंद विकास भार्गव, शुभम दुबे, सोमनाथ मिश्रा, अनुपम सिंह, चंद्रशेखर उपाध्याय, नंदेश्वर धाम के शास्त्री विपुल शास्त्री, नीरज शास्त्री, रामलोचन सेन, राजेंद्र केशरवानी, शुभम केशरवानी (भरवारी), संदीप निषाद, राम किशन राम भक्त, मोनू सेन, बिहारी लाल केशरवानी, संगमलाल निषाद, मनीष द्विवेदी, विकास दिवाकर तथा ग्राम प्रधान कोसम खिराज मुन्नू लाल दिवाकर सहित बड़ी संख्या में आश्रम से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, पत्रकार एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आयोजन के दौरान कौशाम्बी थाना पुलिस सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर मुस्तैद रही। पुलिस की सतर्कता के बीच शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
हनुमान जन्मोत्सव का यह आयोजन धार्मिक आस्था, आपसी सहयोग, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता की मिसाल बना। पूरे कार्यक्रम का समापन भक्तिमय वातावरण और जय श्रीराम के गगनभेदी जयकारों के बीच हुआ।
रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया



