गांधी जयंती पर पुलिस ने लिया सत्य-अहिंसा और स्वच्छता का संकल्प

Kamta Prasad Chaurasiya
0


 

एसपी सत्य नारायण ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को नमन कर पुलिसकर्मियों को दिलाई शपथ, सफाईकर्मियों का किया सम्मान


कौशाम्बी ।

 गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पुलिस लाइन में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। पुलिस अधीक्षक सत्य नारायण ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और कर्तव्यनिष्ठा के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार आज भी समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण हैं। पुलिसकर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करने का संदेश दिया।

पुलिस लाइन की स्वच्छता व्यवस्था में योगदान देने वाले सफाईकर्मियों को अंगवस्त्र और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन जनेश्वर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी यातायात भैया संतोष कुमार, प्रतिसार निरीक्षक समेत पुलिस लाइन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

वहीं अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान विभिन्न शाखाओं के प्रभारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

जनपद के सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी गांधी जयंती मनाई गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके आदर्शों पर चलने और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।


रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया 

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top