कौशाम्बी ।नारायण स्वरूप हॉस्पिटल एवं नारायण स्वरूप इंस्टिट्यूट ऑफ़ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के संयुक्त तत्वावधान में काजीपुर, तेरामील, काजीपुर जनपद कौशांबी में निशुल्क स्त्री रोग परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ सोनिया सिंह के नेतृत्व में गायनकोलॉजी विभाग एवं सर्जरी विभाग का निशुल्क स्वास्थ्य शिविर 19 जनवरी सोमवार को आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 150 से अधिक मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान महिलाओं को निशुल्क स्त्री रोग परामर्श,निशुल्क जांच तथा निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर में डॉ. सोनिया सिंह (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. वंदिता ठाकुर (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ) एवं डॉ. शेफाली (एडवांस लैप्रोस्कोपिक सर्जन) ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान करते हुए मरीजों का परामर्श किया।
जांच के दौरान लगभग 12 महिलाओं में बच्चेदानी (यूट्रस) का ट्यूमर पाया गया, जिन्हें आधुनिक दूरबीन (लैप्रोस्कोपिक) विधि से ऑपरेशन की सलाह दी गई। इसके अतिरिक्त करीब 15 मरीज पाइल्स/बवासीर की समस्या से पीड़ित पाए गए, जिन्हें लेजर तकनीक द्वारा उपचार कराने की सलाह दी गई। शिविर में मरीजों को बीमारियों से बचाव के लिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी जागरूक किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि स्वच्छ एवं संतुलित भोजन, शुद्ध पेयजल का उपयोग, नियमित दिनचर्या, पर्याप्त नींद एवं स्वच्छता अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
गौरतलब हो कि नारायण स्वरूप हॉस्पिटल में डॉ. सोनिया सिंह के मार्गदर्शन में नियमित अंतराल पर स्त्री रोग से संबंधित विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि महिलाओं से जुड़ी गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके और उनका समुचित उपचार किया जा सके। यह प्रयास इस सोच के साथ किया जाता है कि स्वास्थ्य सेवा समाज के हर वर्ग और हर व्यक्ति तक पहुंचे।इसके साथ ही शिविर के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। मरीजों को योजना की जानकारी दी गई तथा पात्र मरीजों को आयुष्मान कार्ड के अंतर्गत निशुल्क और कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई गई। कई मरीजों को इस योजना के अंतर्गत उपचार पहले भी मिल चुका है और भविष्य में भी उन्हें लाभ दिलाने का आश्वासन दिया गया।डॉ. सोनिया सिंह ने इस अवसर पर कहा कि नारायण स्वरूप हॉस्पिटल में सेवा कार्य केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि एक निरंतर चलने वाला संकल्प है। हमारा उद्देश्य है कि स्वास्थ्य सुविधाएं केवल कुछ लोगों तक सीमित न रहें, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचें। मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है।
रिपोर्ट कामता प्रसाद चौरसिया




