मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया पत्र — आयोग गठन, प्रेस भवन व सुविधाओं की रखी गई मांगें
प्रयागराज।
ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के मण्डल अध्यक्ष सतीश कुमार गोयल के नेतृत्व में बुधवार को पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने कमिश्नर प्रयागराज को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पत्रकारों के हितों से जुड़ी कई अहम मांगें रखी गईं, जिनमें ग्रामीण पत्रकार आयोग का गठन, राजधानी लखनऊ में प्रेस भवन की स्थापना, राज्य व जिला स्तर पर मान्यता प्रक्रिया को सरल बनाना, तथा ग्रामीण पत्रकारों को आवास, स्वास्थ्य व सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना जैसी मांगें प्रमुख रहीं।
एसोसिएशन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार सीमित संसाधनों में समाज के मुद्दों को आवाज देते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। ऐसे में सरकार को पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
इस मौके पर कौशाम्बी अध्यक्ष रमेश चन्द्र अकेला, अमरेंद्र कुमार, चायल तहसील अध्यक्ष कामता प्रसाद चौरसिया, संप्रेक्षक राकेश कुमार दिवाकर, मण्डल महासचिव प्रमोद बाबू झा, अनुपम सिंह और सहनवाज खान सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
पत्रकारों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पत्रकार हितों को लेकर गंभीरता दिखाते हुए जल्द ठोस निर्णय लेंगे, जिससे ग्रामीण पत्रकारिता को मजबूती मिल सके।
रिपोर्ट - कामता प्रसाद चौरसिया, शिवम चौरसिया




