विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान घर घर दस्तक देगी आशा देगी जानकारी

Kamta Prasad Chaurasiya
0

 

 कौशांबी। प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एस एन झा की अध्यक्षता में सोमवार को  विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के सफल संचालन हेतु अर्न्तविभागीय बैठक संपन्न हुई। 

इस दौरान प्रभारी मुख्य चिकित्साधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों से विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान एवं दस्तक अभियान के तहत अपने विभाग से सम्बन्धित शासनादेशानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के साथ ही अधिशासी अधिकारियों से फागिंग एवं एन्टीलार्वा का छिड़काव नियमित रूप से किये जाने की भी अपेक्षा की।  जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के अंतर्गत दस्तक अभियान का आगाज 16.07.2022 से शुरू हो गया है, जो 31 जुलाई 2022 तक चलेगा। इस अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर दस्तक देंगी और मलेरिया, डेंगू, टीबी जैसे रोगों के लक्षण मिलने पर मरीजों की स्क्रीनिंग करके जांच की जाएगी और जाँच में बीमारी की पुष्टि होने पर उपचार किया जाएगा। आशा कार्यकत्री अगर किसी के घर के पास मच्छर पनप रहे हैं तो उसकी भी रिपोर्ट देंगी। आशा घर-घर जाकर परिवार के लोगों से मलेरिया, टीबी, सर्दी, जुकाम व बुखार से संबंधित सवाल पूछेंगी। इसी के साथ वह यह भी जानकारी लेंगी की घर में कोई अति कुपोषित बच्चा तो नहीं है। अगर किसी में बीमारी के लक्षण मिलते है या कोई अति कुपोषित बच्चा मिलता है तो इसकी सूचना वह संबंधित ब्लॉक के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को देंगी। संबंधित विभाग सूचना के आधार पर आगे की कार्यवाही करेंगा। अगर किसी घर के पास जल जमाव है तथा वहॉ पर लार्वा पैदा हो रहा है तो इसकी भी सूचना आशा देंगी। सूचना के बाद मलेरिया विभाग वहां का निरीक्षण कर जल निकासी, दवा के छिड़काव आदि की व्यवस्था संबंधित से कराएगा। अभियान की जिला स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा कर कमियों को दूर किया जाएगा। अगर किसी को बुखार के लक्षण हों तो आशा कार्यकर्ता से छिपाए नहीं, बल्कि खुल कर बताएं। बुखार का समय से पता चल जाने से जांच कर सही दिशा में इलाज हो सकता है।

रिपोर्ट-कामता प्रसाद चौरसिया

Post a Comment

0 Comments
Post a Comment (0)
To Top