कौशाम्बी। पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बाकरगंज गांव में बुधवार दोपहर दर्दनाक हादसे में एक मासूम की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शांतनु (9 वर्ष) पुत्र संजय रैदास के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांतनु दोपहर के समय घर के पास खेलते-खेलते नहर की ओर चला गया। इसी दौरान वह नहर में फिसल कर गिर गया और पानी के तेज बहाव में बह गया। काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। बाद में ग्रामीणों की मदद से उसका शव नहर से बरामद किया गया।
ज्ञात हो कि घटना की सूचना पाकर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शांतनु की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पश्चिम शरीरा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट : कामता प्रसाद चौरसिया


