प्रयागराज। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा बमरौली में गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज का 358वां प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर सुबह से ही कीर्तन, कथा व्याख्यान और कविता पाठ के कार्यक्रम आयोजित किए गए।
ज्ञात हो कि सुबह गुरु ग्रंथ साहिब जी के सहज पाठ के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। इसके बाद कीर्तन और कथा व्याख्यान हुए, जिसमें गुरु गोबिंद सिंह जी के जीवन और शिक्षाओं पर प्रकाश डाला गया। कविता पाठ के माध्यम से गुरु जी के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त किया गया।
शाम 5 बजे तक अनवरत लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें सभी समुदाय के लोगों ने एक साथ भोजन और प्रसाद ग्रहण किया। गुरुद्वारा संस्था के अध्यक्ष सरदार अमरजीत सिंह ने बताया कि यह संस्था 1970 से संचालित है। सचिव सरदार गुरजन्ट सिंह ने बताया कि लंगर में सभी धर्मों के लोग शामिल होते हैं और एक साथ भोजन करते हैं।
संस्था के प्रमुख सेवादारों में सरदार जगजीत सिंह, मनमीत सिंह, राजेंद्र सिंह, मनसीर सिंह, जसप्रीत सिंह, ज्योति कौर, जसप्रीत कौर, भोला प्रधान और राजकुमार आदि ने अपनी सेवाएं दीं।
हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने इस प्रकाश पर्व में भाग लिया और गुरु गोबिंद सिंह जी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
रिपोर्ट : कामता प्रसाद चौरसिया


